संवाददाता: गौरव व्यास

हरिद्वार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, विशेष चेकिंग अभियान में 179 वाहनों का चालान, 21 सीज
हरिद्वार। सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने जनपद भर में एक व्यापक और सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में यह विशेष कार्रवाई की गई। एआरटीओ निखिल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की विभिन्न टीमों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर उतरकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की है।
इस अभियान का मुख्य केंद्र बिंदु शहर में अनियंत्रित रूप से चल रहे ई-रिक्शा और तिपहिया (ऑटो) वाहन रहे, जिनकी वजह से कई क्षेत्रों में जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती है। चेकिंग के दौरान ओवरलोडिंग, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बिना बीमा, टैक्स जमा न करने और आवश्यक कागजातों के अभाव में ई-रिक्शा और तिपहिया वाहनों को रोका गया। इस दौरान 44 ई-रिक्शा और 38 यात्री तिपहिया वाहनों समेत कुल 82 वाहनों के चालान काटे गए और चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई।
कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग के बाइक स्क्वाड के साथ-साथ इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी और चिड़ियापुर टास्क फोर्स के मुकेश भारती ने मुख्य भूमिका निभाई। टीम ने न केवल ई-रिक्शा बल्कि दोपहिया, बसों, मालवाहक वाहनों, मोटर कैब और मैक्सी कैब की भी गहन जांच की। पूरे अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 179 वाहनों के चालान किए गए, गंभीर अनियमितता मिलने पर 21 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया, जबकि 65 मामलों में वाहन के दस्तावेज इम्पाउंड किए गए।
यह व्यापक चेकिंग अभियान हरिद्वार-देहरादून मार्ग, सिडकुल, रानीपुर मोड़, रावली महदूद, चंडी चौक, बहादराबाद तथा एनएच-34 जैसे व्यस्त इलाकों में चलाया गया। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, मालवाहकों में सवारी बैठाने, रिफ्लेक्टर न होने और परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वालों पर गाज गिरी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने साफ किया कि क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और बिना वैध कागजातों के वाहन चलाने वालों के खिलाफ विभाग का यह सख्त रुख आगे भी लगातार जारी रहेगा।







