रुड़की / बहादराबाद (उत्तर भारती न्यूज़ ब्यूरो)
संवाददाता: गौरव व्यास
बहादराबाद में दुस्साहसिक वारदात: मोटरसाइकिल रिपेयरिंग शॉप में घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या, क्षेत्र में हड़कंप
शांतरशाह (हरिद्वार): जनपद हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शांतरशाह में सोमवार शाम एक सनसनीखेज वारदात से सनसनी फैल गई। गांव में ही बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले 25 वर्षीय युवक हैप्पी (पुत्र राजकुमार) पर दो अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 सितंबर 2026 की शाम लगभग 07:10 बजे दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश (जिन्होंने अपने चेहरे सफेद रंग के कपड़े से लपेट रखे थे) अचानक हैप्पी की रिपेयरिंग शॉप के अंदर दाखिल हुए। जब तक कोई कुछ समझ पाता, हमलावरों ने पिस्टल निकालकर सीधे हैप्पी को निशाना बनाते हुए गोलियां दाग दीं। गोली लगने से हैप्पी लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
वारदात के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल हैप्पी को इलाज के लिए नजदीकी सूर्य देव अस्पताल (शांतरशाह, बहादराबाद) ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उप जिला चिकित्सालय रुड़की में शव को पोस्टमार्टम एवं पंचायतनामा की विधिक कार्यवाही हेतु भिजवा दिया गया है।
एसएसपी हरिद्वार पहुंचे घटनास्थल, जनपद भर में नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार, भारी पुलिस बल और अन्य उच्च अधिकारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बदमाशों की तत्काल धरपकड़ हेतु पूरे हरिद्वार जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। बहादराबाद एवं आसपास के सभी सीमावर्ती रास्तों, चौराहों और संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की चेकिंग जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि नकाबपोश हमलावरों का सुराग लगाया जा सके।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, और पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ सभी संभावित कोणों से मामले की गहन जांच कर रही है।








