हरिद्वार: जिला योजना समिति निर्वाचन-2026 के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के अनुसार, सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद यह सूची जारी की गई है, जो आगामी चुनाव प्रक्रिया में प्रभावी रहेगी। 📌 #HaridwarNews #UttarakhandElection #Haridwar #UBNews
उत्तर भारती न्यूज (विशेष संवाददाता – गौरव व्यास)
हरिद्वार। जनपद में त्रिस्तरीय एवं स्थानीय निकाय स्तरीय लोकतंत्र को मजबूती देने की दिशा में एक अहम प्रशासनिक चरण पूरा हो गया है। जिला योजना समिति निर्वाचन–2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए जिला प्रशासन ने मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला योजना समिति) एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत यह पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई है। इससे पूर्व प्रकाशित प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची पर जनप्रतिनिधियों व संबंधित पक्षों से दावे और आपत्तियां मांगी गई थीं। प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण करने के पश्चात अब अंतिम मतदाता सूची को सार्वजनिक कर दिया गया है।
निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधि करेंगे मतदान
यह अंतिम मतदाता सूची जिले के विभिन्न शहरी निकायों के निर्वाचित सभासदों (पार्षदों) एवं सदस्यों के लिए जारी की गई है। इस सूची में निम्नलिखित स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि शामिल हैं:
नगर निगम: हरिद्वार एवं रुड़की।
नगर पालिका परिषद: शिवालिकनगर, पाडली गुर्जर, रामपुर, मंगलौर, भगवानपुर तथा लक्सर।
नगर पंचायत: इमलीखेड़ा, झबरेड़ा, लंढौरा, पिरान कलियर और गंगनहर।
चुनावी प्रक्रिया में रहेगी प्रभावी
जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करते हुए सभी वैधानिक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी की गई हैं। यह अंतिम मतदाता सूची जिला योजना समिति निर्वाचन–2026 की संपूर्ण आगामी चुनावी प्रक्रिया के लिए मान्य और प्रभावी रहेगी।
इस सूची के प्रकाशन के साथ ही जिले की विकास योजनाओं को आकार देने वाली ‘जिला योजना समिति’ के गठन का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त

हो गया है।







