संवाददाता गौरव व्यास, उत्तर भारती न्यूज़
हरिद्वार में तड़के 4 बजे परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन: स्लीपर और लग्जरी बसों पर कसता शिकंजा, 50 से अधिक चालान और 5 बसें सीज
हरिद्वार, 23 अक्टूबर 2026:

जनपद हरिद्वार में यात्रियों की सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने शुक्रवार को तड़के बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के अनुपालन में विभाग ने तड़के 4:00 बजे से ही स्लीपर और लग्जरी बसों के खिलाफ एक विशेष एवं सघन आकस्मिक प्रवर्तन अभियान शुरू कर दिया। इस आकस्मिक कार्रवाई से नियम विरुद्ध बस संचालित करने वाले ऑपरेटरों और चालकों में हड़कंप मच गया।
यह विशेष जांच अभियान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा के कुशल नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) श्री आनंद वर्धन भी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। अभियान के दौरान प्रवर्तन टीम ने मार्ग पर दौड़ रही स्लीपर और लग्जरी बसों की तकनीकी स्थिति, आपातकालीन निकास व्यवस्था, बॉडी स्ट्रक्चर तथा परमिट शर्तों की बारीकी से पड़ताल की। इस दौरान गंभीर लापरवाही और अनियमितता पाए जाने पर 50 से अधिक वाहनों के चालान काटे गए, 5 बसों को मौके पर ही सीज कर दिया गया, जबकि गंभीर तकनीकी खामियों के चलते 5 अन्य बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति भेजी गई।
जांच दल के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन बसों की पहचान करना था, जिनमें निर्धारित स्वीकृत संरचना के विपरीत बदलाव (अनधिकृत मॉडिफिकेशन) किए गए थे या जो परमिट शर्तों का उल्लंघन कर रही थीं। जांच के दौरान सामने आया कि कई ऑपरेटर पर्यटक बसों का उपयोग निर्धारित प्रयोजन से अलग कर रहे थे। इसके अलावा आपातकालीन निकास के समुचित मानकों का अभाव, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना, खराब रिफ्लेक्टर, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण का उल्लंघन तथा कर संबंधी दस्तावेजों में गड़बड़ियां पाई गईं, जो सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में यात्रियों के लिए बेहद घातक साबित हो सकती हैं।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि यह अभियान महज एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में इसे और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रखा जाएगा। परिवहन विभाग का लक्ष्य हरिद्वार जनपद की सीमाओं में प्रवेश करने वाली प्रत्येक स्लीपर एवं लग्जरी बस की अनिवार्य रूप से जांच सुनिश्चित करना है, ताकि अन्य राज्यों से आने वाली कोई भी असुरक्षित बस बिना चेकिंग के न गुजर सके। इसके लिए अलग-अलग समय एवं स्थानों पर आकस्मिक चेकिंग की जाएगी।
परविहन विभाग ने समस्त स्लीपर एवं लग्जरी बस संचालकों व ऑपरेटरों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अनधिकृत ढांचागत परिवर्तन न करें और फिटनेस, परमिट शर्तों एवं सड़क सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। एआरटीओ निखिल शर्मा ने दोहराया कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन स्वामियों पर सीज़र, चालान के साथ-साथ परमिट एवं फिटनेस निरस्तीकरण की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में यात्रियों के सुरक्षित आवागमन और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।








