उत्तर भारती न्यूज़ (UB News)
संवाददाता: गौरव व्यास
हरिद्वार में लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग का शिकंजा कसता जा रहा है। जानिए पूरी खबर उत्तर भारती न्यूज़ के संवाददाता गौरव व्यास की इस विस्तृत रिपोर्ट में:

लग्जरी बसों के खिलाफ तीसरे दिन भी सख्त अभियान, नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर गाज
हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में अनधिकृत रूप से दौड़ रही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जिलाधिकारी हरिद्वार, मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के अनुपालन में सम्भागीय परिवहन अधिकारी (RTO) निखिल शर्मा के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा शुरू किया गया विशेष प्रवर्तन अभियान रविवार को लगातार तीसरे दिन भी पूरे जोर-शोर से जारी रहा। परिवहन विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से नियमों को ताक पर रखकर बसें चलाने वाले ऑपरेटरों और चालकों में हड़कंप का माहौल व्याप्त है।
इस सघन चेकिंग अभियान की कमान धरातल पर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा एवं परिवहन कर अधिकारी सुश्री वरुणा सैनी ने संभाल रखी है। प्रवर्तन टीम ने जनपद के प्रमुख प्रवेश द्वारों, राजमार्गों और संवेदनशील मार्गों पर अचानक नाकेबंदी कर वाहनों की बारीकी से जांच की। दिनभर चले इस अभियान के दौरान विभिन्न यातायात और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कुल 35 बसों के चालान काटे गए। वहीं, गंभीर अनियमितताएं और मानक विहीन संचालन पाए जाने पर 02 लग्जरी बसों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
उत्तर भारती न्यूज़ को जानकारी देते हुए सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि पड़ोसी राज्यों में हाल के दिनों में हुई दर्दनाक बस दुर्घटनाओं को देखते हुए शासन और प्रशासन बेहद सतर्क है। इस विशेष अभियान में यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पड़ोसी राज्यों से उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश करने वाली तथा अंतरराज्यीय मार्गों पर संचालित होने वाली प्रत्येक लग्जरी बस की गहनता से पड़ताल की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बसों का संचालन निर्धारित कानूनी मानकों और परमिट की शर्तों के अनुसार ही हो।
चेकिंग के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने केवल कागजी औपचारिकताओं तक सीमित न रहकर वाहनों की तकनीकी स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया। जांच टीमों द्वारा बसों के पंजीयन प्रमाण पत्र, फिटनेस, परमिट, वैध बीमा और अन्य आवश्यक अभिलेखों के मिलान के साथ-साथ बसों की निर्धारित यात्री क्षमता, अतिरिक्त सीटिंग या बॉडी में किए गए अनधिकृत परिवर्तनों (मॉडिफिकेशन) की गहन जांच की गई। इसके अलावा अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन द्वार (इमरजेंसी एग्जिट) और अन्य सुरक्षा से जुड़े तकनीकी मानकों के अनुपालन को भी मौके पर ही परखा गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने बस संचालकों और चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज हमेशा अद्यतन रखें तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करें। आरटीओ निखिल शर्मा ने साफ किया कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली किसी भी ढिलाई या नियम उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर और अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं की आशंका को शून्य करने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








