हरिद्वार, 31 नवंबर, 2026
संवादाता: गौरव व्यास, उत्तर भारती न्यूज़
हरिद्वार जनपद को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने और युवा पीढ़ी को इस घातक दलदल से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन मैकेनिज्म (NCORD) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल और समन्वय के साथ धरातल पर काम करना होगा, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप एक स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके।

बैठक के दौरान एडीएम (प्रशासन) जितेंद्र कुमार ने जनपद में प्रतिबंधित तंबाकू, गुटका, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री तथा तस्करी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इस पर तत्काल प्रभाव से प्रभावी अंकुश लगाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करें कि जिले की सीमा के भीतर कहीं भी प्रतिबंधित पदार्थों की अवैध बिक्री न होने पाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि असामाजिक तत्वों में इसका खौफ पैदा हो।
नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली को पारदर्शी और मानकों के अनुरूप बनाने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में जितने भी नशा मुक्ति केंद्र संचालित हो रहे हैं, उन सभी का संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान इन केंद्रों पर मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं, साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्थाओं और सरकार द्वारा निर्धारित मानकों की बारीकी से जांच की जाएगी ताकि खामियों मिलने पर तुरंत सुधारात्मक और दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।
युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए शिक्षा विभाग को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। एडीएम ने शिक्षा अधिकारियों को ताड़ना दी कि वे जनपद के सभी विद्यालयों में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएं। इसके तहत छात्र-छात्राओं के बीच नशा मुक्ति के गंभीर विषय पर निबंध लेखन, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए, जिससे बच्चों में शुरुआत से ही नशे के प्रति घृणा पैदा हो और वे इसके परिणामों से भली-भांति अवगत हो सकें।
अंत में बैठक के दौरान प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर डिप्टी जेलर प्रमोद भानु, पुलिस उपाध्यक्ष संजय चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गणेश, सहायक कृषि अधिकारी उत्तम सिंह चौहान, डीसी हेल्थ रोहित यादव, डी.सी. जीएसटी एवं सेवा कर दीपक कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, एसीएमओ डॉ. नमिता पंत और इंस्पेक्टर एएनटीएफ शांति कुमार सहित तमाम प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने विभागों से जुड़े बिंदुओं पर पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।









