संवाददाता – गौरव व्यास
उत्तर भारत न्यूज, हरिद्वार
हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं, जिला योजना तथा मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद के विकास कार्यों को गति देने और जनहित से जुड़ी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने जिला योजना के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि के उपयोग की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि नवंबर माह तक शत-प्रतिशत बजट का व्यय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि जिन विभागों द्वारा अभी तक विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है, वे एक सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर टेंडर प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से संपन्न कराएं।
बैठक के दौरान 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने डी और सी श्रेणी में चल रहे विभागों को कड़ी चेतावनी और मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए श्रेणी ‘ए’ में आने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाएं और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करें ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद के विकास के लिए की गई घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लंबित घोषणाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए और उन्हें धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि विकास योजनाओं का सीधा और समय पर आम जनता तक पहुंच सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कोताही बरतने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता व जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।









