उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक लेते मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र व अन्य विभागीय अधिकारी।
संवाददाता गौरव व्यास, उत्तर भारती न्यूज़
उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ को लेकर जनपद हरिद्वार में तैयारियों का दौर जोरों पर है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें राज्य स्थापना दिवस को हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाने की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मुख्य समारोह का आयोजन ऋषिकुल ऑडिटोरियम में किया जाएगा, जबकि जनपद के सभी विकास खंडों में भी विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों का भव्य आयोजन होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह अवसर प्रदेश की गौरवशाली विकास यात्रा, उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करें।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, विभिन्न विभागों के पात्र लाभार्थियों तथा शिक्षा विभाग के तहत ‘विकसित उत्तराखंड एवं विकसित भारत’ थीम पर आयोजित प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर से योग्य व्यक्तियों और लाभार्थियों की सूची समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों से संबंधित आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे, ताकि आम जनता को योजनाओं की जानकारी और उनका सीधा लाभ मिल सके। इसके साथ ही नगर निगम, नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा सभी शासकीय कार्यालयों, सरकारी भवनों और प्रमुख चौराहों को आकर्षक एलईडी विद्युत लाइटों से प्रकाशमान करने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी समेत विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रमों के आयोजन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले सुनिश्चित किया जाएगा।









