(संवाददाता: गौरव व्यास, उत्तर भारती न्यूज, हरिद्वार)
धर्मनगरी हरिद्वार में रेलवे स्टेशन के आसपास लगातार गहराती यातायात की समस्या और जाम से निपटने के लिए जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को प्रशासनिक, पुलिस और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। इस संयुक्त निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के अनियंत्रित परिचालन से लगने वाले जाम का स्थायी व व्यावहारिक समाधान तलाशना है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने मुख्य प्रवेश द्वार, चौराहे और यात्रियों के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा, क्षेत्राधिकारी (नगर) शिशुपाल सिंह नेगी तथा यातायात निरीक्षक संदीप नेगी सहित कई प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने माना कि पिक-अप और ड्रॉप के दौरान वाहनों के बेवजह खड़े रहने से स्टेशन के सामने अनाव्यवहारिक दबाव बनता है, जिससे यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए अधिकारियों ने एक विशेष कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया। इसके तहत रेलवे स्टेशन क्षेत्र में वाहनों के लिए एक व्यवस्थित ‘होल्डिंग एरिया’ विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित योजना के अनुसार, रेलवे स्टेशन के मुख्य पिक-अप/ड्रॉप ज़ोन में केवल सीमित और आवश्यकतानुसार वाहनों (ऑटो, विक्रम, ई-रिक्शा) को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जबकि बाकी वाहनों को निर्धारित होल्डिंग एरिया में कतारबद्ध खड़ा किया जाएगा। इस मॉडल से स्टेशन मार्ग पर वाहनों का बेवजह जमावड़ा खत्म होगा और ट्रैफिक सुचारु रूप से चलता रहेगा।
जिला प्रशासन इस कार्ययोजना को ज़मीनी स्तर पर लागू करने से पहले सभी हितधारकों को विश्वास में ले रहा है। इसी क्रम में 29 सितंबर को ऑटो-विक्रम यूनियन एवं ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक में यूनियनों से सुझाव प्राप्त कर होल्डिंग एरिया और रूट संचालन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग का यह साझा प्रयास हरिद्वार आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों व स्थानीय नागरिकों को एक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात अनुभव प्रदान करेगा।









