सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ रील बनाना पड़ा भारी: हरिद्वार पुलिस ने युवक को तमंचे और कारतूस के साथ किया गिरफ्तार

संवाददाता: गौरव व्यास
मंगलौर/रुड़की (हरिद्वार)
सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और लाइक बढ़ाने की चाह में अवैध असलहों का प्रदर्शन करने वालों पर हरिद्वार पुलिस ने सख्त शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तमंचे के साथ रील/वीडियो बनाकर प्रसारित करने वाले एक युवक को कोतवाली मंगलौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार द्वारा जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश करने, आपत्तिजनक रील बनाने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी अभियान के तहत सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक हाथ में अवैध तमंचा लेकर प्रदर्शन करता दिख रहा था। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने तुरंत वीडियो की पड़ताल शुरू की। जांच और तस्दीक के दौरान आरोपी युवक की पहचान अरकान पुत्र अरशद, निवासी जबरदस्तपुर जौरासी, कोतवाली रुड़की (जनपद हरिद्वार) के रूप में हुई।
मंगलौर पुलिस की तत्परता और गिरफ्तारी
आरोपी की पहचान होते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर ने उप निरीक्षक नवीन चौहान के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने सुरागों के आधार पर घेराबंदी करते हुए आरोपी को लंढौरा-मंगलौर रोड से धर दबोचा।
तलाशी लेने पर पुलिस को आरोपी के पास से निम्नलिखित अवैध सामग्री बरामद हुई:
बरामदगी:
01 अवैध तमंचा (315 बोर)
02 जिंदा कारतूस
विधिक कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और वैधानिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
उप निरीक्षक नवीन चौहान
हेड कांस्टेबल शूरवीर
कांस्टेबल रघुवीर






