उत्तर भारती न्यूज
संवाददाता: गौरव व्यास
रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा: नन्हेड़ा अनेतपुर में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर फैक्ट्री सील, 2 क्विंटल मिलावटी पनीर नष्ट
रुड़की/हरिद्वार। उत्तराखंड में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ शासन प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों का अनुपालन करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रुड़की ब्लॉक क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शनिवार, 03 अक्टूबर की देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने रुड़की के नन्हेड़ा अनेतपुर में चल रही एक अवैध पनीर निर्माण इकाई पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ‘एनालॉग पनीर’ बनाने का सनसनीखेज भंडाफोड़ हुआ है।
पामोलीन ऑयल और मिल्क पाउडर से तैयार हो रहा था नकली पनीर
उपायुक्त गढ़वाल मंडल आर. एस. रावत के कुशल नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार शामिल रहे। टीम को सुरक्षा प्रदान करने के लिए एसपी (देहात) अभय प्रताप सिंह के निर्देश पर भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। छापेमारी के दौरान टीम ने पनीर निर्माता आजाद (पुत्र ईसाक) को उत्तराखंड सरकार द्वारा पूरी तरह से प्रतिबंधित किए गए एनालॉग पनीर का निर्माण, भंडारण और बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। मौके से लगभग 20 किलो पामोलीन ऑयल (2 टीन) और 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह पामोलीन ऑयल और मिल्क पाउडर को मिलाकर यह नकली पनीर बनाता था और इसे बाजार में 240 रुपये प्रति किलो की दर से बेच रहा था।
2 क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर नष्ट, अग्रिम आदेशों तक फैक्ट्री सील
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर तैयार किया जा रहा लगभग 2 क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल तुरंत नष्ट करवा दिया, जबकि 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज कर जब्त कर लिया गया। शासन द्वारा प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ ‘एनालॉग पनीर’ का अवैध निर्माण पाए जाने पर उक्त निर्माण इकाई को अग्रिम आदेशों तक तत्काल प्रभाव से सील कर बंद करा दिया गया है। इसके साथ ही आरोपी पनीर निर्माता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 (FSSAI) की गंभीर धाराओं के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रुद्रपुर लैब भेजे गए सैंपल, टीम में शामिल रहे ये अधिकारी
कार्रवाई के दौरान विभाग ने नियमानुसार पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए मौके से खुला पनीर, पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 3 विधिक नमूने (नमूने) एकत्र किए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच और विश्लेषण के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है। लैब से रिपोर्ट आने के पश्चात आरोपी के खिलाफ न्यायालय में कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी छापेमार कार्रवाई में एडीपीओ सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार, योगेंद्र सिंह, परीक्षित, सोनू पुरी तथा महिला कांस्टेबल रोमा व निर्मला की सराहनीय भूमिका रही।








