
संवाददाता: गौरव व्यास

स्थान: रुड़की (उत्तराखंड)पिरान कलियर मेला क्षेत्र में 18 अगस्त 2026 की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिसर में स्थित दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने दुकानों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग तुरंत हरकत में आ गए।
रुड़की फायर स्टेशन को जैसे ही आग लगने की खबर मिली, मेला क्षेत्र में पहले से मुस्तैद तीन फायर यूनिटों को बिना समय गंवाए घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचते ही मुस्तैदी दिखाई और आग को आसपास की अन्य दुकानों में फैलने से रोकने के लिए तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए और आग पर जल्द से जल्द पूरी तरह काबू पाने के लिए मंगलौर से भी अतिरिक्त दमकल वाहन को बैकअप के तौर पर मौके पर बुलाया गया। सभी फायर यूनिटों के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को चारों तरफ से घेरकर पूर्ण रूप से नियंत्रित कर लिया।
दमकल विभाग की इस सजगता और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित रहे। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक जांच की जा रही है।






