मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे फोड़ने वाली 06 बुलेट मोटरसाइकिलें सीज, भगवानपुर पुलिस का बड़ा एक्शन
संवाददाता: गौरव व्यास
उत्तर भारती न्यूज, भगवानपुर (हरिद्वार)
भगवानपुर/हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के क्रम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज 10 अक्टूबर 2026 को कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर पटाखों जैसी कानफोड़ू आवाज निकालने वाली 06 बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त (सीज) कर लिया है।
भगवानपुर थाना पुलिस की टीम द्वारा क्षेत्र के प्रमुख चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया था। इस दौरान कई ऐसे मनचले और युवा पुलिस की पकड़ में आए जो अपनी बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज आवाज और पटाखे फोड़ते हुए घूम रहे थे। पुलिस टीम ने तुरंत त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 06 बुलेट मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया।
उल्लेखनीय है कि पिछले लंबे समय से क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिलों के मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली पटाखों जैसी तेज आवाज के कारण स्थानीय निवासियों, बुजुर्गों, मरीजों और छोटे बच्चों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा इस प्रकार की शोरगुल वाली आवाजों से सड़कों पर ध्वनि प्रदूषण भी काफी बढ़ गया था और आमजन में भय व असुविधा का माहौल बना हुआ था।
स्थानीय नागरिकों की लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए भगवानपुर पुलिस प्रशासन ने यह ठोस कदम उठाया है। सीज की गई सभी 06 बुलेट मोटरसाइकिलों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) एवं संबंधित नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहनों में अवैध फेरबदल और शोर मचाने वाले साइलेंसरों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थाना भगवानपुर पुलिस ने आमजन और युवाओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और अपने वाहनों में किसी भी तरह का अवैध संशोधन न कराएं। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि भविष्य में भी ऐसे नियम तोड़ने वाले और सड़क पर हुड़दंग मचाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ इसी प्रकार की कठोर कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।








