सेवा संकल्प अभियान: राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी की अध्यक्षता में रुड़की में आयोजित बहुद्देशीय शिविर में 426 लाभार्थी हुए लाभान्वित
संवाददाता: गौरव व्यास
उत्तर भारती न्यूज, रुड़की/हरिद्वार
उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल निर्देशन में शनिवार को रुड़की नगर निगम सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुद्देशीय शिविर का भव्य आयोजन किया गया। राज्यसभा सांसद श्रीमती कल्पना सैनी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनसमस्याओं के निस्तारण को सीधे आम जनता के द्वार तक पहुंचाना रहा। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को सुगम बनाते हुए एक ही छत के नीचे कई प्रशासनिक व सामाजिक सेवाएं नागरिकों को उपलब्ध कराई गईं।
शिविर का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती कल्पना सैनी ने अधिकारियों एवं नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे बहुद्देशीय शिविर आम जनता के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं, क्योंकि इनके माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर मिल जाती हैं। इससे आम नागरिकों के समय, धन और संसाधनों की भारी बचत होती है। सांसद सैनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों व जनशिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
आयोजित शिविर में शासन के 25 प्रमुख विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों ने राज्य व केंद्र सरकार की संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और नए आवेदकों के फॉर्म जमा किए। राज्यसभा सांसद ने स्वयं सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कुल 2,348 नागरिकों ने शिविर में प्रतिभाग कर योजनाओं की जानकारी ली। आयोजन स्थल पर प्राप्त 09 शिकायतों में से 04 का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रमाणपत्रों व सरकारी सेवाओं के लिए 203 नए आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 426 पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं के प्रत्यक्ष लाभ सौंपे गए।
इस बहुद्देशीय शिविर के सफल आयोजन के अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य रूप से उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष अजीत चौधरी, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्यमंत्री आदेश सैनी, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति व दिनेश कौशिक, ब्लॉक प्रमुख लुबना राव, भाजपा नेता सुशील त्यागी, मंडल अध्यक्ष बृजमोहन सैनी, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी, विनय शर्मा, रुड़की के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ तथा खंड विकास अधिकारी सुमन कुटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व नागरिक उपस्थित रहे।









